पाटन । ग्राम पंचायत झीट के ग्रामवासियों ने गांव में कथित रूप से हो रही अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने अमलेश्वर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की शिकायत सामने आ रही है। वहीं चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने से गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गांव का माहौल खराब होने की जताई चिंता
ग्रामीणों ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी से आए दिन असहज स्थिति निर्मित होती है। इसका असर गांव के सामाजिक वातावरण पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस से अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की नियमित निगरानी और कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने थाना प्रभारी से इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए गांव में शांति एवं बेहतर माहौल बनाए रखने की दिशा में कदम उठाने का आग्रह किया है।
ये रहे मौजूद
थाना प्रभारी को आवेदन सौंपने के दौरान सरपंच रूपेंद्र राजू साहू, ग्राम प्रमुख अलख राम सिन्हा, केशव सिन्हा, रोशन रजक, पीला लाल साहू, राजेश्वर सिन्हा, भोज राम सिन्हा, हेमंत अग्रवाल, नोहर दास सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध शराब बिक्री करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करेगा।








