हरियाणा से शुरू की राष्ट्रव्यापी यात्रा, बोले- पूरे भारत को अपना घर मानें; नदियों, पहाड़ों और तालाबों को स्वच्छ रखना सबकी जिम्मेदारी
पाटन। स्वच्छ भारत और प्लास्टिक मुक्त भारत का संदेश लेकर बाइक से देशव्यापी भ्रमण पर निकले हरियाणा के हरबख्श सिंह शुक्रवार को पाटन पहुंचे। यहां पत्रकार संघ पाटन के सदस्यों ने उनका स्वागत किया और उनकी साहसिक एवं जनजागरूकता से जुड़ी राष्ट्रव्यापी यात्रा की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हरबख्श सिंह ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझने और देश को स्वच्छ बनाने में योगदान देने की अपील की।
हरबख्श सिंह ने कहा कि केवल अपने घर को साफ रखने से स्वच्छता का उद्देश्य पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा, “इंसान को केवल अपने 2 BHK के घर को ही स्वच्छ रखने से कुछ नहीं होगा। हमें पूरे भारत को अपना घर मानना होगा। देश की सभी नदियां, पहाड़ और तालाब भी हमारे घर का हिस्सा हैं। इन्हें स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और प्राकृतिक जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने का आह्वान किया।
छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के हुए कायल
हरबख्श सिंह पिछले 10 दिनों से छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, स्थानीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों को करीब से देखा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की खूबसूरती की सराहना करते हुए जशपुर में स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक कारीगरी को करीब से देखने का अनुभव साझा किया। साथ ही हाथियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की भी प्रशंसा की।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में बालिकाओं को साइकिल से स्कूल जाते हुए देखने का जिक्र करते हुए कहा कि लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयास महत्वपूर्ण हैं। उनके अनुसार, किसी भी समाज की प्रगति के लिए शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही जरूरी हैं।
पाटन के वेटलैंड और पक्षियों ने मोहा मन
पाटन पहुंचने पर हरबख्श सिंह ने यहां के प्रसिद्ध वेटलैंड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय और प्रवासी पक्षियों को करीब से देखा तथा क्षेत्र की प्राकृतिक जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्राकृतिक स्थल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनका संरक्षण करना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी प्रकृति की इस अनमोल धरोहर को देख सकें।
इस अवसर पर पत्रकार संघ पाटन के सदस्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण और जलस्रोतों को बचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। अपनी बाइक यात्रा के माध्यम से हरबख्श सिंह लगातार लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनकी इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझाना और स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
इस अवसर पर पत्रकार संघ पाटन के संरक्षक संदीप मिश्रा, अध्यक्ष किशन हिरवानी, बलराम यादव, राजू वर्मा, अंचल पाण्डेय, भेद प्रकाश वर्मा सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।








