चालान का धौंस या वसूली का खेल? 5 ट्रैक्टरों से 25 हजार रुपये लेने का आरोप, रोजाना आवाजाही को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। नारी और मौरीकला के आसपास आरटीओ की कथित कार्रवाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि आरटीओ की टीम ने ट्रैक्टरों को रोककर चालान काटने का दबाव बनाया और कार्रवाई का डर दिखाते हुए पांच ट्रैक्टरों से कुल 25 हजार रुपये वसूल लिए।
ग्रामीणों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरटीओ की गाड़ी रोज सुबह-शाम क्षेत्र में घूमती दिखाई देती है और वाहन चालकों को रोककर कथित तौर पर अवैध वसूली की जाती है।
सवाल यह है कि यदि वाहन नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं तो नियमानुसार चालान काटकर उसकी आधिकारिक रसीद क्यों नहीं दी जाती? और यदि 25 हजार रुपये की राशि ली गई है, तो क्या उसकी कोई सरकारी रसीद या वैधानिक रिकॉर्ड मौजूद है?
आरटीओ से सीधा सवाल…
- *क्या पांचों ट्रैक्टरों का विधिवत चालान काटा गया?
- * क्या 25 हजार रुपये की सरकारी रसीद जारी की गई?
- * यदि चालान की कार्रवाई हुई, तो उसकी ऑनलाइन एंट्री कहां है?
- * क्या विभागीय अधिकारी इस कथित वसूली की जांच कराएंगे?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सड़क पर कानून का पालन करवाने की जिम्मेदारी जिन अधिकारियों पर है, उन्हीं की कार्रवाई पर यदि अवैध वसूली के आरोप लगने लगें, तो आम वाहन चालक अपनी शिकायत लेकर आखिर कहां जाए?
अब जरूरत है निष्पक्ष जांच की। परिवहन विभाग के उच्चाधिकारी मामले का संज्ञान लें और नारी–मौरीकला क्षेत्र में की जा रही कार्रवाई की जांच कराएं। जिन पांच ट्रैक्टर चालकों से कथित रूप से 25 हजार रुपये लिए गए हैं, उनके बयान लेकर सच्चाई सामने लाई जाए।
जिला परिवहन अधिकारी शिव भगत रावटे से इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि उधर मेरी टीम नहीं जाती है कौन सी टीम जांच में गई थी मुझे पता नहीं है जानकारी ली जाएगी।








