लोक रागिनी भिलाई की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, कला पुरोधाओं को श्रद्धांजलि देकर किया स्मरण
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश देते हुए अनुराग साहित्य एवं कला संस्था, कठौली के तत्वावधान में गुरुवार को बाजार चौक में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। वरिष्ठ कला साधक रिखी क्षत्रिय के नेतृत्व में लोक रागिनी, भिलाई के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कला पुरोधा स्व. खुमानलाल साव एवं स्व. मिथिलेश साहू के छायाचित्रों पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर लोककला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ कला साधक रिखी क्षत्रिय को ‘श्री मिथिलेश साहू कला स्मृति सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया।
संस्था के अध्यक्ष प्रशांत कुमार सोनवानी ने कहा कि लोककला हमारी सांस्कृतिक पहचान और माटी की विरासत है। इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा लोक कलाकारों को सम्मानजनक मंच देना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत धमतरी के उपाध्यक्ष गौकरण सिंह साहू ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि लोकसंस्कृति का संरक्षण पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ग्रामीण अंचलों में ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
लोक रागिनी के कलाकारों की प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ी जनजीवन, परंपरा और लोकधुनों की जीवंत झलक देखने को मिली। आयोजन में ग्रामवासियों एवं कला प्रेमियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
कार्यक्रम में सरपंच खेमराज साहू, पूर्व सरपंच प्रतिनिधि पूर्णेन्द्र चौधरी सहित रोहित निषाद, रोमनलाल साहू, पोखराज साहू, विशालराम नगारची, राजकुमार निषाद, जितेन्द्र साहू, खेमु पटेल, जितेश साहू, शेखर साहू, सगुनदास मानिकपुरी, अर्जुन मानिकपुरी, रेखा निषाद, जागृति साहू, राहुलदेव साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
संस्था ने सभी अतिथियों, सहयोगियों, कलाकारों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।








