@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से आयोजित “रन फॉर ग्रीन मैराथन” एवं “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान में “माय भारत यूथ वालेंटियर्स” ने उत्साहपूर्ण और अनुकरणीय सहभागिता निभाते हुए समाज को हरियाली बचाने का प्रभावी संदेश दिया।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में जिले में संचालित “माय भारत युवा कार्यक्रम” के अंतर्गत 18 जुलाई 2026 को जिला प्रशासन एवं नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर मैदान तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रमों में 200 से अधिक माय भारत यूथ वालेंटियर्स ने सक्रिय भागीदारी की।
जिला नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह के नेतृत्व में युवाओं ने मैराथन में भाग लेने के साथ-साथ पौधरोपण अभियान में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में स्थापित करना रहा।
इस अभियान में शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज कोरबा, शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, कमला नेहरू महाविद्यालय, अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, डाइट कोरबा, एम.एल.सी. कम्प्यूटर कॉलेज तथा के.सी.सी. कम्प्यूटर कॉलेज सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के 200 से अधिक युवा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हरित कोरबा के निर्माण का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। युवाओं की ऊर्जा और जनभागीदारी से कोरबा को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।








