@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद/धमतरी। कुरूद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारी के खट्टी पुल के पास बुधवार सुबह हुई एक नृशंस हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू (27 वर्ष), पिता खुमान साहू, निवासी कुंडेल (मेघा) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सुबह लगभग 10 बजे अज्ञात हमलावर ने युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक के गले पर कई गहरे वार किए गए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही करेली बड़ी चौकी से पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घटना की तस्दीक करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा रहे हैं साथ ही तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाने की बात कर रहे हैं। आरोपी की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच और खोजबीन किया जा सकता है।
दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या से ग्राम नारी एवं आसपास के क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।








