@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, धमधा/दुर्ग। ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में आनंदधाम सगनी ने एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत गांव का पहला रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित कर सोलर क्रांति की शुरुआत की गई। यह सोलर प्लांट गांव के घोंडुल लोधी के निवास पर स्थापित किया गया, जिससे वे योजना का लाभ लेने वाले गांव के पहले हितग्राही बन गए।
देशभर में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित इस योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से कुल ₹1,08,000 तक की सब्सिडी का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस सोलर प्लांट की स्थापना “सोलारोनिक्स इंडिया” द्वारा की गई। कंपनी के एसोसिएट पार्टनर राज शुक्ला एवं वेंडर विकास शर्मा के मार्गदर्शन में 3 किलोवाट क्षमता का Emmvee कंपनी का उच्च गुणवत्ता वाला सोलर सिस्टम लगाया गया है। यह संयंत्र प्रतिदिन लगभग 22 यूनिट तक बिजली उत्पादन करने में सक्षम है, जिससे उपभोक्ता के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आएगी और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर लाभ भी प्राप्त किया जा सकेगा।
इस अवसर पर सोलारोनिक्स इंडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनका उद्देश्य गांव-गांव तक सौर ऊर्जा पहुंचाकर लोगों को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। आनंदधाम सगनी में पहला सोलर प्लांट लगने से अन्य ग्रामीण भी योजना से प्रेरित होकर इसका लाभ लेने के लिए आगे आएंगे।
सोलर ऊर्जा की यह पहल न केवल बिजली बचत की दिशा में मील का पत्थर है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा अभियान को भी नई गति देगी।








