@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बाद भी विकासखंड कुरूद के ग्राम नारी स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को पर्याप्त पाठ्यपुस्तकें और यूनिफॉर्म नहीं मिल पाई हैं। इससे शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। कई छात्र-छात्राएं अब भी किताबों और यूनिफॉर्म की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है।
इस मामले की चर्चा इसलिए भी तेज है क्योंकि पिछले शैक्षणिक सत्र में ग्राम नारी के एक शिक्षक ने सोशल मीडिया पर विद्यालय में पर्याप्त किताबें और यूनिफॉर्म उपलब्ध नहीं होने की जानकारी साझा की थी, जिसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई थी। ऐसे में अब प्रश्न उठ रहा है कि जब पुनः इसी प्रकार की स्थिति सामने आ रही है, तो विभाग इसकी भरपाई और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठा रहा है।
इस संबंध में जब जिला शिक्षा अधिकारी धमतरी, से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि “पूरा डाटा देना अभी संभव नहीं है, क्योंकि मैं कार्यालय से बाहर हूं। राज्य शासन से जितनी मात्रा में पुस्तकें और यूनिफॉर्म प्राप्त हो रही हैं, उन्हें लगातार स्कूलों तक पहुंचाया जा रहा है।”
हालांकि, नारी विद्यालय में सामग्री की कमी की स्थिति यह संकेत देती है कि या तो आपूर्ति अभी पूर्ण नहीं हुई है या वितरण प्रक्रिया जारी है। ऐसे में अभिभावकों की अपेक्षा है कि शेष किताबें और यूनिफॉर्म शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो।
अब निगाहें इस बात पर हैं कि शिक्षा विभाग विद्यालयों में शत-प्रतिशत वितरण कब तक सुनिश्चित करता है और शेष सामग्री पहुंचाने की समयसीमा क्या तय की जाती है।








