पाटन। नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एवं वार्डवासियों की मांग को प्राथमिकता प्रदान करते हुए, सिन्हा सायकल स्टोर्स के समीप गौरव पथ स्थित सड़क डिवाइडर में सुरक्षा हेतु मजबूत ग्रिल का निर्माण कराया गया है।
इस संबंध में पार्षद एवं सभापति श्रीमती नेहा बाबा वर्मा ने कहा कि आमजन की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह कार्य दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कराया गया है।
उन्होंने आगे कहा कि ग्रिल लगने से अनियंत्रित रूप से सड़क पार करने की घटनाओं पर नियंत्रण होगा, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि नगरवासियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए इस प्रकार के कार्य आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे।








