@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता बटोरने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। सार्वजनिक सड़क पर अश्लील हरकत और खतरनाक स्टंट का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही रायपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को ढूंढ निकाला। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक को थाने में कान पकड़कर माफी मांगनी पड़ी, जिसका दृश्य भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो में एक युवक बाइक चलाते हुए सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकत करता दिखाई दे रहा था। वीडियो तेजी से फैलने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और तकनीकी जांच के माध्यम से बाइक तथा चालक की पहचान कर ली।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान भीमेश देवांगन (24 वर्ष), निवासी मठपुरैना, थाना टिकरापारा, रायपुर के रूप में हुई। उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उसने अपनी हरकत पर खेद जताया। इसके बाद पुलिस ने उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की।
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए सड़क को स्टंट या अश्लील प्रदर्शन का मंच बनाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे कानून का सम्मान करें और ऐसी हरकतों से बचें, जो न केवल सामाजिक मर्यादा बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी खतरा बनती हैं।
पुलिस का सख्त संदेश:
“रिल्स का जुनून अगर कानून तोड़ेगा, तो अंजाम थाने तक ही पहुंचेगा।”








