तीन वर्ष के लिए पुनर्नियुक्ति, भारतीय कला-संस्कृति और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को मिली बड़ी मान्यता
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ की बेटी एवं राजपरिवार की सदस्य प्रो. (डॉ.) मांडवी सिंह को लखनऊ स्थित भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति के रूप में दूसरी बार नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें आगामी तीन वर्षों के लिए पुनर्नियुक्त किया है। इस संबंध में राजभवन से आदेश जारी कर दिया गया है।
प्रो. मांडवी सिंह मूलतः खैरागढ़ राजपरिवार से हैं। इससे पहले वे इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ की कुलपति की जिम्मेदारी भी संभाल चुकी हैं। भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर उनका पुनर्नियुक्त होना न केवल उनके कार्यों और नेतृत्व क्षमता पर विश्वास की मुहर माना जा रहा है, बल्कि खैरागढ़ सहित पूरे छत्तीसगढ़ के लिए भी गौरव का विषय है।
भारतीय कलाओं को मिला नया विस्तार
अपने पिछले कार्यकाल के दौरान प्रो. मांडवी सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिली। कथक, भरतनाट्यम, ध्रुपद, शास्त्रीय गायन और तालवाद्य सहित भारतीय शास्त्रीय कलाओं से जुड़े विभिन्न कार्यशालाओं, मास्टरक्लास और संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। देश के प्रतिष्ठित कलाकारों एवं कला विशेषज्ञों को विश्वविद्यालय से जोड़ा गया।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP-2020) के अनुरूप पाठ्यक्रमों के विकास के साथ शोध, नवाचार और भारतीय कला-संस्कृति के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी। विश्वविद्यालय की अकादमिक गतिविधियों को समकालीन आवश्यकताओं से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई।
नई जिम्मेदारी, नए संकल्प
पुनर्नियुक्ति पर प्रो. मांडवी सिंह ने कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने आगामी कार्यकाल में शैक्षणिक गुणवत्ता को और मजबूत करने तथा भारतीय कला, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
उनकी पुनर्नियुक्ति की खबर से खैरागढ़ के कला जगत और राजपरिवार में हर्ष का माहौल है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव एस.पी. सिंह सहित विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. मांडवी सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की कामना की है।








