@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। ग्राम सिंधौरी कला से मंदरौद मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि सिंधौरी खुर्द–सिंधौरी कला से मंदरौद तक लगभग 4.85 किलोमीटर लंबी सड़क अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से विद्यार्थियों, आम नागरिकों एवं राहगीरों का आवागमन कठिन और जोखिमभरा हो गया है।
ज्ञापन के अनुसार, यह मार्ग रायपुर–विशाखापट्टनम राष्ट्रीय राजमार्ग बनने के बाद से लगातार भारी वाहनों की आवाजाही का दबाव झेल रहा है, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के लिए पंचायत जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों द्वारा कई बार शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
विशेषकर विद्यार्थियों, मरीजों एवं दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कर आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बनाने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने शासन से शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की दशा में जनआंदोलन की चेतावनी भी दी है।








