@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन,धमतरी। जिले में अवैध शराब के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुरूद और थाना सिहावा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में अवैध शराब, बिक्री की नकदी जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
चारभाठा पुल पर कुरूद पुलिस की दबिश
मुखबिर की सूचना पर थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम चारभाठा पुल के पास घेराबंदी कर मुरारी दास वैष्णव (54), निवासी परखंदा को अवैध शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 17 पाव देशी मसाला शराब (3060 मिलीलीटर) एवं बिक्री की नकद राशि सहित करीब ₹2,000 की सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत अपराध क्रमांक 220/26 दर्ज किया।
रानीगांव में सिहावा पुलिस की कार्रवाई
इधर थाना सिहावा पुलिस ने रानीगांव मानस मंच के पास कार्रवाई करते हुए मनीष मरकाम को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 3 लीटर कच्ची महुआ शराब एवं बिक्री की रकम सहित करीब ₹750 की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत अपराध क्रमांक 55/26 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
अवैध शराब कारोबारियों को पुलिस की चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कहीं भी अवैध शराब का कारोबार दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।








