@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरुद। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन कुरूद के ब्लॉक अध्यक्ष लुकेश राम साहू ने विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए संचालित VSK App में लगातार आ रही तकनीकी समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है।
फेडरेशन के अनुसार VSK App में ID Mismatch, Mobile Mismatch, Login Failure, अत्यधिक Loading Time, लोकेशन संबंधी त्रुटियां तथा विद्यालय परिसर में चेक-इन करने के बावजूद 2 से 5 किलोमीटर दूर की लोकेशन प्रदर्शित होने जैसी समस्याओं के कारण शिक्षकों को उपस्थिति दर्ज कराने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद विभाग द्वारा उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में वेतन रोकने और दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है।
फेडरेशन का आरोप है कि विभाग का पूरा ध्यान तकनीकी खामियों को दूर करने के बजाय शिक्षकों पर दबाव बनाने और दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी देने पर केंद्रित है। तकनीकी कारणों से उत्पन्न समस्याओं के लिए शिक्षकों को जिम्मेदार ठहराना न्यायसंगत नहीं है। इससे शिक्षकों में असुरक्षा, तनाव तथा मानसिक प्रताड़ना की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
फेडरेशन ने मांग की है कि VSK App की सभी तकनीकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए तथा जब तक व्यवस्था पूर्णतः सुचारू एवं त्रुटिरहित नहीं हो जाती, तब तक उपस्थिति दर्ज नहीं होने के आधार पर किसी भी शिक्षक का वेतन रोकने अथवा अन्य दंडात्मक कार्रवाई करने संबंधी आदेशों पर रोक लगाई जाए। साथ ही, वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में मैनुअल उपस्थिति पंजी को मान्य किया जाए।
फेडरेशन का कहना है कि शिक्षक अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, लेकिन तकनीकी खामियों का दुष्परिणाम उन पर थोपना उचित नहीं है। विभाग को भय और दबाव का वातावरण बनाने के बजाय सहयोगात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
फेडरेशन ने चेतावनी दी है कि यदि तकनीकी खामियों के बावजूद किसी भी शिक्षक के विरुद्ध वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की जाती है, तो शिक्षक समुदाय आंदोलन के लिए बाध्य होगा। ऐसी स्थिति में यदि शिक्षक विद्यालय छोड़कर सड़क पर उतरने को मजबूर होते हैं, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
— छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, ब्लॉक इकाई कुरूद








