@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। नगर के विकास में एक बड़ा अध्याय जुड़ गया है, जहां 11 करोड़ 85 लाख रुपये की जल आवर्धन योजना को स्वीकृति मिलने के साथ ही पेयजल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। इस महत्वपूर्ण योजना के केंद्र में नगर पालिका परिषद कुरूद की अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर की सक्रिय पहल और नेतृत्व विशेष रूप से उभरकर सामने आया है।

कुरूद नगर की “लाइफलाइन” कही जा रही इस योजना के तहत गंगरेल बांध के बड़े केनाल से शहर, केन्द्रीय विद्यालय और कृषि महाविद्यालय तक निरंतर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, वर्तमान 2.5 एमएलडी क्षमता वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को बढ़ाकर 7.5 एमएलडी किया जाएगा, जिससे आने वाले वर्षों में भी पानी की कमी महसूस नहीं होगी।
इस महत्वाकांक्षी योजना को नगर पालिका परिषद की बैठक में प्रस्तावित कर उसे आगे बढ़ाने में अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर की भूमिका निर्णायक रही। उन्होंने नगर की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए लगातार प्रयास किए और उच्च स्तर पर प्रभावी पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप यह योजना मूर्त रूप ले सकी।
विधायक अजय चंद्राकर के सहयोग और मार्गदर्शन में इस प्रस्ताव को राज्य स्तर तक पहुंचाया गया, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बड़े करेली आगमन के दौरान इस मांग को गंभीरता से लेते हुए योजना की घोषणा की और अब इसे स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है।
योजना के अंतर्गत नगर की सभी बड़ी पानी टंकियों की क्षमता बढ़ाने, नई पाइपलाइन से जोड़ने और सभी पेयजल केंद्रों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा, जिससे नागरिकों को स्वच्छ और पर्याप्त जल सुविधा मिल सके।
अध्यक्ष ज्योति भानु चन्द्राकर ने इस उपलब्धि को नगरवासियों के सहयोग और सरकार की संवेदनशीलता का परिणाम बताते हुए कहा कि यह योजना कुरूद के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा विधायक अजय चंद्राकर के प्रति आभार व्यक्त किया।
कुल मिलाकर, यह योजना न सिर्फ जल संकट का समाधान करेगी, बल्कि ज्योति भानु चन्द्राकर के नेतृत्व में कुरूद नगर को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।








