@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, अभनपुर। ग्राम पंचायत जौंदी में आयोजित आमसभा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर शुरू हुआ विवाद कथित रूप से मारपीट तक पहुंच गया। पंचायत के उपसरपंच पोखन लाल यदु ने थाना गोबरा नवापारा में शिकायत दर्ज कराते हुए सरपंच पुत्र सहित कई लोगों पर मारपीट, अभद्रता और जानबूझकर अपमानित करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जून को ग्राम पंचायत जौंदी में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची पर चर्चा चल रही थी। बताया गया कि सूची में 169 हितग्राहियों के नाम शामिल हैं, जबकि बड़ी संख्या में 120 ग्रामीणों के नाम सूची से बाहर होने पर नाराजगी सामने आई। इसी दौरान कुछ लोगों ने नाम कटने के लिए उपसरपंच को जिम्मेदार ठहराया, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सभा खत्म होते ही बढ़ा विवाद
उपसरपंच पोखन लाल यदु का आरोप है कि बैठक के दौरान कुछ लोगों ने उनके खिलाफ ग्रामीणों को भड़काया। उन्होंने शिकायत में कहा है कि आमसभा समाप्त होने के बाद कथित रूप से उनका कॉलर पकड़कर पंचायत भवन के बाहर ले जाया गया, जहां कई लोगों ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत के अनुसार धक्का-मुक्की के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए तथा उनकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया।
उपसरपंच का कहना है कि घटना में उनके जबड़े में चोट आई है और उन्हें लगातार दर्द की शिकायत बनी हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि पूरी घटना का वीडियो कुछ ग्रामीणों द्वारा बनाया गया है, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हो सकता है।
पहले भी अभद्रता का आरोप
पोखन लाल यदु ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि पंचायत की पूर्व बैठकों में भी उनके साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट का प्रयास किया गया था। उनका आरोप है कि लगातार उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
उपसरपंच ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, घटना के बाद पंचायत की कार्यप्रणाली और आमसभाओं में बढ़ते विवादों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि आमसभा में हुए विवाद के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।








