संवाददाता तुकाराम कंसारी
“बहादुर सीआरपीएफ भाइयों को राखी बांधना गर्व की अनुभूति” – डॉ. योगिता सिन्हा
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर स्टेला वेलफेयर फाउंडेशन की बहनों ने नवा रायपुर स्थित सीआरपीएफ कैंप पहुंचकर देश के वीर सपूतों के साथ यह त्योहार मनाया। बहनों ने जवानों की कलाइयों में रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें मिठाई खिलाई और उनके साहस एवं सेवा भावना को नमन किया।
सीआरपीएफ के ये जवान सुदूर और बीहड़ इलाकों में महीनों तक घर से दूर रहकर देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा करते हैं। इस अवसर पर डॉ. योगिता सिन्हा ने कहा, “सीआरपीएफ के जवान निडरता और साहस के साथ देश की सुरक्षा में हमेशा तत्पर रहते हैं। आज हमें गर्व है कि हम उन वीर भाइयों को राखी बांधकर अपना बहन होने का फ़र्ज़ निभा सके। उनके साहस और बलिदान के कारण ही देशवासी निश्चिंत होकर जीवन यापन कर पा रहे हैं।”
डॉ. सिन्हा ने आगे कहा कि यह पर्व सिर्फ भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं है, बल्कि देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा का भी संदेश देता है। सीआरपीएफ के जवान हमारी आंतरिक और बाह्य सुरक्षा की रीढ़ हैं, और उनके साथ रक्षाबंधन मनाना हमारे लिए सम्मान और गर्व की बात है।
कार्यक्रम में स्टेला फाउंडेशन की पूजा सायरानी, राखी इसरानी, मनीषा आठवानी, राधिका, पूनम और रितिका सहित कई सदस्य शामिल हुए। सीआरपीएफ की ओर से कमांडेंट सरदार सिंह, संतोष कुमार और अन्य अधिकारी व जवान उपस्थित रहे।
इस पहल से न केवल रक्षाबंधन का पर्व और भी खास बन गया, बल्कि समाज में सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और जुड़ाव की भावना भी और मजबूत हुई। बहनों ने कहा कि वीर जवानों से मिलकर उनका उत्साहवर्धन हुआ और यह क्षण जीवनभर की यादों में अंकित रहेगा।
