@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। लंबे सस्पेंस के बाद आखिरकार छत्तीसगढ़ में कैबिनेट विस्तार की तारीख तय हो गई है। बुधवार सुबह 10.30 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। भाजपा विधायक दल के सचेतक सुशांत शुक्ला ने इस संबंध में पत्र जारी कर औपचारिक घोषणा कर दी है।

छत्तीसगढ़ लोकदर्शन ने किया था समाचार प्रकाशित,  

छत्तीसगढ़ लोकदर्शन समाचार ने 16 अगस्त ही इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसमें जिन तीन विधायकों के नाम का उल्लेख किया गया था, वही अब मंत्री बनने जा रहे हैं। इनमें दुर्ग विधायक गजेंद्र यादव, अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल और आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब शामिल हैं। खास बात यह है कि ये तीनों ही पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर पहुंचे हैं और पहली बार मंत्री पद की शपथ लेंगे।

कैबिनेट विस्तार से पहले खत्म हुआ इंतजार

राज्य में पिछले कई दिनों से कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाओं का दौर तेज था। सोमवार से ही सियासी हलचल बढ़ी थी और विधायक अमर अग्रवाल के राज्यपाल से मुलाकात के बाद अटकलें और गहराई थीं। अंततः बुधवार सुबह शपथ ग्रहण समारोह के साथ सभी कयासों पर विराम लग जाएगा।

क्षेत्रीय और जातीय संतुलन पर फोकस

सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट विस्तार में क्षेत्रीय और जातिगत संतुलन साधने पर विशेष ध्यान दिया गया है। यही वजह है कि तीन अलग-अलग क्षेत्रों के विधायकों को मौका दिया जा रहा है। हालांकि वरिष्ठ विधायकों अमर अग्रवाल और राजेश मूणत के नाम भी रेस में थे, लेकिन अंतिम सूची में उन्हें शामिल नहीं किया गया।

पुराने मंत्रियों का पद सुरक्षित

मौजूदा मंत्रियों को लेकर जो अटकलें थीं, उन पर भी विराम लग गया है। सूत्रों ने साफ कर दिया है कि वर्तमान में कार्यरत किसी मंत्री का इस्तीफा नहीं लिया जाएगा और न ही उनके विभागों में फेरबदल किया जाएगा।

संसदीय सचिव की भी हो सकती है घोषणा

चर्चा यह भी है कि कैबिनेट विस्तार के साथ ही कभी भी संसदीय सचिवों की घोषणा की जा सकती है। संसदीय सचिवों को ‘मिनी कैबिनेट’ की संज्ञा दी जाती है। इस व्यवस्था की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के समय हुई थी।

शपथ ग्रहण की तैयारी पूरी

राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। स्टेट गैरेज में तीनों नए मंत्रियों के लिए वाहन भी तैयार कर दिए गए हैं। विधायकों को औपचारिक रूप से संदेश भेज दिया गया है, ताकि वे निर्धारित समय पर राजभवन पहुंच सकें।

Share.

Contact US

सतीश शर्मा
Editor in Chief


Mobile: 9893664533
Email: cglokdarshan@gmail.com
Address: ब्राह्मण पारा, नारी (कुरुद), जिला – धमतरी (छ.ग) 493663

Important Pages

Disclaimer

समाचारों की श्रृंखला में ‘छत्तीसगढ़ लोकदर्शन’ सबसे विश्वसनीय वेब न्यूज पोर्टल है, इसमें देश दुनिया की नवीनतम खबरों के साथ एक वैचारिक चिंतन भी है। ज्ञातव्य हो कि संवाददाताओं द्वारा भेजे गए समाचार की पुष्टि के लिए संपादक या पोर्टल किसी भी तरह उत्तरदायी नहीं है।

© 2025 cglokdarshan.com. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version