संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा-राजिम। सावन मास की पावन बेला में, त्रिवेणी संगम के तट पर स्थित घटोरिया महादेव मंदिर में कंसारी समाज द्वारा आयोजित भव्य जलाभिषेक अनुष्ठान सोमवार को विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। नगर के मूलवासी और समृद्ध कंसारी समाज ने भक्ति भाव से शिवलिंग पर गंगाजल और पुष्प अर्पित कर महादेव का अभिषेक किया।
पूरे आयोजन का नेतृत्व पंडित सिद्धेश्वरानंद महाराज ने किया, जिनके सान्निध्य में शिवसाधकों ने मंत्रोच्चार, रुद्राभिषेक और पूर्णाहुति के साथ अनुष्ठान पूर्ण किया। इसके पश्चात मंदिर प्रांगण में प्रसाद वितरण हुआ और श्रद्धालुओं को नगर के मध्य स्थित सत्यनारायण मंदिर में आयोजित भोग-भंडारे में आमंत्रित किया गया।
भंडारे का आयोजन समाज के प्रमुख सदस्यों रेवाचंद साधवानी, राधे देवांगन, शंकर यादव, राजकुमार कंसारी, विजय कंसारी, रमेश मुत्रा कंसारी, मोहन कंसारी, लाला गुजराती एवं रमेश राजकुमार कंसारी के सहयोग से हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं और पुरुष, पारंपरिक वेशभूषा में सजधजकर उपस्थित रहे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा, वहीं श्रद्धालु भक्ति, सेवा और आपसी सौहार्द की इस पावन अनुभूति के साक्षी बने।
