संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और तकनीकी उपयोग का उदाहरण पेश करते हुए, शासकीय प्राथमिक शाला सहिसपारा, राजिम में पदस्थ सहायक शिक्षक जितेंद्र कुमार साहू को विनोबा एप में उत्कृष्ट शैक्षणिक गतिविधियों के लिए विकासखंड स्तर पर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान बुधवार को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, फिंगेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुमार जोशी एवं विनोबा एप के जिला समन्वयक शुभम पटेल द्वारा प्रदान किया गया।
जितेंद्र साहू ने अपनी कक्षा में बच्चों को सिखाने के लिए नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया और उनकी फोटो व वीडियो को विनोबा एप पर अपलोड किया। जुलाई माह में उनके द्वारा अपलोड किए गए वीडियो को जिलेभर के शिक्षकों से सर्वाधिक लाइक प्राप्त हुए, जिसके आधार पर उन्हें ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विनोबा एप एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां जिले के सभी शिक्षक अपनी विद्यालय में बच्चों के साथ कराई जाने वाली शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों को अपलोड कर सकते हैं। इससे अन्य शिक्षक उन्हें देख सकते हैं, सीख सकते हैं और प्रेरित हो सकते हैं।
इस उपलब्धि पर सहायक विकासखंड अधिकारी हेमंत कुमार साहू, विकासखंड स्रोत समन्वयक सुभाष शर्मा, संकुल प्राचार्य श्रीमती भारती नामदेव, संकुल समन्वयक श्रीमती रेवती देशमुख, प्रधानपाठक संजय कुमार सिन्हा, नेमीचंद साहू, देवेंद्र कुमार नागेश, राजेंद्र कुमार कोशले एवं सहायक शिक्षकों ने जितेंद्र साहू को बधाई दी।
