संवाददाता तुकाराम कंसारी
युवा लेखिका काव्या राजीव के जन्मदिन पर आश्रम को मिला 1 माह का राशन
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। प्रदेश की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था वक्ता मंच ने दलदल सिवनी स्थित दिव्यांग आश्रम पहुंचकर आश्रम के संचालक एवं रहवासियों से सौहार्दपूर्ण भेंट की। यह आश्रम जन सामर्थ्य कल्याण समिति द्वारा राकेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में संचालित है, जहाँ दिव्यांगजनों के आवास, प्रशिक्षण एवं गृह उद्योग संचालन की विशेष व्यवस्था है। साथ ही, विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं व्यावसायिक संगठनों के सहयोग से दिव्यांगों को रोजगार उपलब्ध कराया जाता है।
जन्मदिन को बनाया समाज सेवा का अवसर
युवा लेखिका कुमारी काव्या राजीव के जन्मदिन के अवसर पर उनके अभिभावकों द्वारा आश्रम में एक माह का राशन प्रदान किया गया। इस अवसर पर आयोजित प्रेरणादायी कार्यक्रम में जीएसटी कमिश्नर एम. राजीव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने वक्तव्य में दिव्यांगजनों को संघर्ष के बावजूद आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
वक्ता मंच का सामाजिक संकल्प
कार्यक्रम को वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते, संयोजक शुभम साहू, उपाध्यक्ष दुष्यंत साहू, संरक्षिका ज्योति शुक्ला सहित परम कुमार, अभिषेक श्रीवास्तव एवं सिंधु झा ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने बताया कि संस्था के सदस्य जन्मदिन, वर्षगांठ, प्रमुख त्यौहारों एवं अपने दिवंगत प्रियजनों की पुण्यतिथियों को समाजोपयोगी कार्यक्रमों के माध्यम से मनाते हैं। इसी क्रम में यह आयोजन संपन्न हुआ।
आकर्षक प्रस्तुतियों से सजी शाम
दिव्यांगजनो ने अपनी कला व प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को भावनात्मक और प्रेरक बना दिया। अंत में वक्ता मंच की ओर से एक माह का राशन आश्रम संचालक राकेश ठाकुर को सौंपा गया। दिव्यांग आश्रम के संपूर्ण विकास के संकल्प के साथ कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
