@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। ग्राम नारी स्थित देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान से कथित रूप से कोचियों (अवैध रूप से शराब बेचने वालों) को बड़ी मात्रा में शराब बेची जा रही है, जिसके चलते गांव में दुकान खुलने से पहले ही शराब की खुलेआम बिक्री शुरू हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह-सुबह ही अलग-अलग स्थानों पर शराब उपलब्ध होने से यह आशंका मजबूत होती है कि कुछ लोगों को पहले से ही भारी मात्रा में शराब उपलब्ध कराई जा रही है। आरोप है कि दुकान संचालक द्वारा दर्जनों कथित कोचियों को आबकारी नियमों के विपरीत बड़ी मात्रा में शराब बेची जा रही है, जिससे अवैध शराब बिक्री का नेटवर्क फल-फूल रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार इस कथित अवैध कारोबार के कारण गांव का माहौल बिगड़ रहा है। सुबह से ही शराब की उपलब्धता के चलते नशाखोरी बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे महिलाओं और आम नागरिकों में भी नाराजगी है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि शराब की बिक्री निर्धारित समय पर ही होनी चाहिए, तो फिर दुकान खुलने से पहले गांव में शराब आखिर कहां से पहुंच रही है? यदि यह आरोप सही हैं, तो संबंधित जिम्मेदारों की भूमिका और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
ग्रामीणों ने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस कथित खेल पर रोक नहीं लगी, तो अवैध शराब बिक्री का नेटवर्क और मजबूत होता जाएगा।








