संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा-राजिम। रायपुर खनिज विभाग की टीम ने हिम्मत दिखाते हुए गोबरा नवापारा क्षेत्र के ग्राम पारागांव में पिछले 15 दिनों से चल रहे हाइटेक अवैध रेत उत्खनन पर शिकंजा कस दिया। कार्रवाई में विभाग ने एक चैन माउंटेन मशीन और पनडुब्बीनुमा नाव को जब्त कर थाना गोबरा नवापारा के सुपुर्द किया।
बरसात में माफिया का नया हथकंडा
जानकारी के मुताबिक, महानदी के पारागांव रेत घाट में पंचायत प्रतिनिधियों की मिलीभगत से माफिया लंबे समय से सक्रिय थे। बरसात में नदी उफान पर होने के कारण रैंप बनाना नामुमकिन था, तो रेत माफिया ने नया हथकंडा अपनाया। पनडुब्बीनुमा मशीन को नाव पर लगाकर पाइप के जरिये सीधे नदी की गहराई से रेत खींची जा रही थी। रेत और पानी का मिश्रण किनारे फेंका जाता, फिर चेन माउंटेन मशीन से रेत को हाईवा में भरकर दोगुनी कीमत पर काले बाज़ार में बेचा जाता।
टीम की दबंग कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई रायपुर खनिज उपसंचालक प्राची अवस्थी के मार्गदर्शन में खनिज अधिकारी हेमंत चेरपा, सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव, खनिज निरीक्षक हेलेंद्र स्वर्णकार और सुपरवाइजर डीके साहू ने की। मौके पर अवैध उत्खनन में लगी मशीनरी जब्त कर थाना सुपुर्द की गई।
कार्रवाई से हड़कंप, विभाग ने दी सख्त चेतावनी
पिछले 15 दिनों से चौबीसों घंटे धड़ल्ले से चल रहे इस हाइटेक उत्खनन ने पूरे इलाके में खलबली मचा रखी थी। लेकिन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद अब रेत माफिया में हड़कंप मच गया है। खनिज विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि
> “अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
