@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। प्रदेश में सुशासन और प्रशासनिक पारदर्शिता के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत संकरी में सरकारी भूमि पर खुलेआम अवैध रूप से रेत का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभागीय निगरानी पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गए हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार ग्राम संकरी में सरकारी जमीन पर कब्जा कर बड़ी मात्रा में रेत का भंडारण किया गया है। आरोप है कि यह कार्य स्थानीय भाजपा नेता योगेश साहू द्वारा किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि सार्वजनिक रूप से दिखाई दे रहे इस भंडारण पर अब तक न तो राजस्व विभाग ने कोई कार्रवाई की है और न ही खनिज विभाग ने कोई जांच की है।
मामले को लेकर जब ग्राम पंचायत के सरपंच से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम से अनभिज्ञता जाहिर की। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि गांव में इतने बड़े पैमाने पर रेत का भंडारण होना और पंचायत को इसकी जानकारी न होना कई सवाल खड़े करता है।
वहीं आरोपित योगेश साहू से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।
सबसे बड़ा प्रश्न यह है कि यदि सरकारी भूमि पर वास्तव में अवैध कब्जा कर रेत का भंडारण किया गया है तो संबंधित विभाग अब तक मौन क्यों हैं? क्या राजनीतिक रसूख और संरक्षण के चलते कार्रवाई नहीं हो रही है? या फिर विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है?
ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह होगा कि सुशासन का दावा करने वाला प्रशासन इस मामले में कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी राजनीतिक संरक्षण की भेंट चढ़ जाएगा।








