@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। राजिम भक्तिन माता जयंती समारोह के पावन अवसर पर राजिम नगर उस समय राजनीतिक और सामाजिक गरिमा का साक्षी बना, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू सहित अनेक वरिष्ठ विधायक राजिम पहुंचे। इस अवसर पर सभी अतिथिगण राजिम विधायक श्री रोहित साहू के निवास पहुंचे, जहां विधायक रोहित साहू एवं उनके परिजनों द्वारा सभी नेताओं का भव्य, पारंपरिक और आत्मीय स्वागत किया गया।
विधायक रोहित साहू के निवास पर आयोजित इस गरिमामय मिलन समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के साथ केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, मोतीलाल साहू (विधायक रायपुर ग्रामीण), इंद्रकुमार साहू (विधायक अभनपुर), ईश्वर साहू (विधायक साजा) तथा दीपेश साहू (विधायक बेमेतरा) की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। आगंतुक अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया, जिससे पूरे वातावरण में श्रद्धा और अपनत्व का भाव दिखाई दिया।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री एवं सभी वरिष्ठ नेताओं को भक्ति, आस्था और त्याग की प्रतीक राजिम भक्तिन माता का तैलचित्र भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान विधायक रोहित साहू ने कहा कि “मुख्यमंत्री जी और वरिष्ठ नेताओं का मेरे निवास पर आगमन न केवल मेरे लिए, बल्कि मेरे पूरे परिवार के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। भक्तिन माता के आशीर्वाद से मिली जनसेवा की जिम्मेदारी को हम पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ निभा रहे हैं।”
भक्तिन माता जयंती के उपलक्ष्य में हुए इस मेल-मिलाप ने क्षेत्र में सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर राजिम की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए भक्तिन माता के त्याग, तपस्या और सामाजिक समर्पण को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि भक्तिन माता का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
विधायक निवास पर हुए इस आत्मीय अभिनंदन और स्नेहपूर्ण स्वागत की सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की। समारोह ने राजिम की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के साथ-साथ सामाजिक एकता और राजनीतिक सौहार्द को भी सशक्त रूप से रेखांकित किया।
