हिंदी विभाग में 16 सितंबर को आयोजित होगा शानदार कवि सम्मेलन
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, महासमुंद। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के गौरवपूर्ण अवसर पर शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, महासमुंद में एक विशेष कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। महाविद्यालय की प्राचार्य करुणा दुबे, हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. दुर्गावती भारतीय, रासेयो जिला संगठक डॉ. मालती तिवारी तथा जनभागीदारी प्रबंधन समिति के संयुक्त प्रयास से यह कार्यक्रम 16 सितंबर 2025 को आयोजित होगा।
इस साहित्यिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पवन पटेल एवं जनभागीदारी समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे।
इस सांस्कृतिक महापर्व में छत्तीसगढ़ की लोकधुनों और परंपरा को जीवंत करते हुए प्रसिद्ध कवि मीर अली मीर अपनी कविताओं से वातावरण को महकाएँगे। उनकी लोकप्रिय रचना “नंदा जाहि का रे” सुनकर श्रोता भाव-विभोर हो उठेंगे।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के गौरव, लोककाव्य और भाचा राम की वीर गाथाओं का रस बिखेरते हुए छत्तीसगढ़ के तुलसीदास श्री नंदकुमार साहू, गजल के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाने वाले श्री श्लेष चंद्राकर, लोकगीतों के स्वर पुरुष श्री गुलाब ठाकुर, और युवा साहित्यकार श्री अभिषेक वैष्णव अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को नयी ऊँचाई देंगे।
यह आयोजन केवल कविता का मंच नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक चेतना का उत्सव है। आम नागरिकों, विद्यार्थियों, साहित्य प्रेमियों और कला साधकों से आग्रह है कि इस अनोखे आयोजन में शामिल होकर छत्तीसगढ़ की परंपरा, भाषा और साहित्य का आनंद लें। उक्ताशय की जानकारी हिंदी विभाग के छात्र प्रशांत कुमार सोनवानी ने दी।
