@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर। प्रदेश के किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। राज्य सरकार ने विशेष परिस्थितियों में किसानों को राहत प्रदान करते हुए धान विक्रय की अंतिम तिथि को 05 एवं 06 फरवरी 2026 तक बढ़ा दिया है।
इस निर्णय के तहत तीन श्रेणियों के किसानों को अतिरिक्त दो दिवस में धान विक्रय की अनुमति दी गई है—
- ऐसे किसान जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के पश्चात टोकन हेतु आवेदन किया, लेकिन उनका सत्यापन समय पर नहीं हो सका।
- वे किसान जिन्होंने 10 जनवरी 2026 के बाद आवेदन किया तथा सत्यापन उपरांत उनके पास धान उपलब्ध पाया गया।
- ऐसे किसान जिन्हें 28, 29 एवं 30 जनवरी 2026 को टोकन प्राप्त हुआ था, लेकिन किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर धान विक्रय नहीं कर पाए।
मुख्यमंत्री साय के निर्देशानुसार किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बारदाना, हमाल एवं खरीदी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
राज्य सरकार का यह निर्णय किसानों के प्रति उसकी संवेदनशील सोच, उपज के सुरक्षित एवं सुचारु विक्रय, तथा किसान हितैषी शासन की प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

