संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। प्रदेश की प्रतिष्ठित साहित्यिक एवं सामाजिक संस्था वक्ता मंच, रायपुर द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम में 125 नारी शक्तियों को छत्तीसगढ़ महिला गौरव सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नवापारा से समाज सेवा, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली श्रीमती रेणुका तिवारी को नारी शक्ति सम्मान से अलंकृत किया गया।
श्रीमती रेणुका तिवारी वर्तमान में दावरा इंटरनेशनल स्कूल, पटेवा में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वह ग्रीन आर्मी रायपुर से जुड़कर नवापारा में ग्रीन आर्मी टीम का संचालन अध्यक्ष के रूप में कर रही हैं। पिछले दो वर्षों से वह अपने महिला समूह के साथ मिलकर नवापारा को ग्रीन सिटी और क्लीन सिटी बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्यरत हैं।
समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने हेतु उन्होंने अमृत वाहिनी नारी शक्ति ग्रुप, ग्रीन आर्मी महिला संगठन, सर्व ब्राह्मण समाज महिला संगठन सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके अलावा, उन्होंने अपने पैतृक ग्राम मालपुरीकला में सरस्वती विद्या मंदिर की स्थापना कर शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रेरणादायक कार्य किया है।
श्रीमती रेणुका तिवारी का मानना है कि आर्थिक रूप से समर्थ होने के बाद समाज और देश के हित में कार्य करना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। वे कहती हैं—
“ईश्वर ने हमें किसी की मदद करने का माध्यम बनाया है। जीवन में मातृभूमि, माता-पिता और समाज का ऋण तभी उतारा जा सकता है जब हम अपने कर्तव्यों का पालन करें।”
वक्ता मंच, रायपुर द्वारा दिए गए इस सम्मान पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह आगे भी समाज सेवा में निरंतर सक्रिय रहेंगी। नवापारा में हरियाली और स्वच्छता लाने के लिए महिलाओं को संगठित कर नारी शक्ति को आगे बढ़ाना ही उनका उद्देश्य है।
