संवाददाता तुकाराम कंसारी
“जो हारता है, अंत में वहीं खिलाड़ी जीतता है” — विधायक रोहित साहू
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। नगर में खेलो इंडिया महिला अस्मिता एथलेटिक्स लीग 2025 का सफल आयोजन राजिम के शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय खेल मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय के मार्गदर्शन में देश के 300 जिलों में संचालित किया जा रहा है। गरियाबंद जिला एथलेटिक संघ ने इसे छत्तीसगढ़ एथलेटिक्स संघ के दिशानिर्देश में आयोजित किया।
प्रतियोगिता में 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में 60 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और किट्स भाला फेंक जैसे खेल आयोजित हुए, जबकि 16 वर्ष से कम आयु वर्ग में 60 मीटर, 600 मीटर दौड़, लंबी–ऊंची कूद, गोला फेंक, तवा फेंक और भाला फेंक की स्पर्धाएँ शामिल थीं।
विधायक रोहित साहू ने खिलाड़ियों का बढ़ाया मनोबल
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक रोहित साहू ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा—
“खिलाड़ी को जीत पर अहंकार और हार पर निराश नहीं होना चाहिए। जो हारता है, अंत में वहीं खिलाड़ी जीतता है। खेल में जीतने के लिए जुनून जरूरी है।”
उन्होंने कहा कि खेल जिंदगी में अनुशासन, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा भरता है।
“खेल से शारीरिक और मानसिक विकास होता है” — भरत लाल मटियारा
अति विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत लाल मटियारा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेल अत्यंत आवश्यक है।
“खेल मन और शरीर दोनों को मजबूत बनाता है, इसलिए हर छात्र को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए।”
“अस्मिता लीग में बालिकाओं की भागीदारी गर्व की बात” — महेश यादव
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में नारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
“अस्मिता लीग में बालिका खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, वे वास्तव में बधाई की पात्र हैं। जीत की भावना के साथ आगे बढ़ें, सफलता निश्चित मिलेगी।”
विजेताओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को विधायक रोहित साहू सहित सभी अतिथियों ने मेडल, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
विधायक ने संघ की मांग पर राजीव लोचन कॉलेज के खेल मैदान को भव्य एवं आधुनिक बनवाने की घोषणा भी की।कार्यक्रम का संचालन गरियाबंद जिला एथलेटिक संघ के उपाध्यक्ष सोमनाथ पटेल ने किया तथा आभार प्रदर्शन संघ के कोषाध्यक्ष पूरन यादव ने किया।
उपस्थित जनप्रतिनिधि व अधिकारी
कार्यक्रम में भाजपा नेत्री मधु नत्थानी, संजीव साहू, भारत सिन्हा, पार्षद आकाश राजपूत, रमेश पटेल, हरिश्चंद्र निषाद, कैलाश साहू, राजेश धीवर, किशोर पटेल, मदन निषाद, धरम वर्मा, चित्रलेखा नागेश, प्रेम सिंह नागेश, लुकेश्वरी पारकर, सीमा यादव, राघवेंद्र ध्रुव, त्रिलोक पारकर, बुधलाल नेगी, गोप साहू, गंगा साहू, अमित साहू, योगेश्वरी देवांगन सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
