@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, धमतरी। धमतरी शहर में एक बार फिर सरकारी एजेंसी का नाम लेकर लूट की वारदात सामने आई है। रुद्री थाना क्षेत्र में रविवार शाम लगभग चार बजे तीन युवक अचानक एक घर में घुसे और खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताते हुए तलाशी की कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने अलमारी और कमरे खंगाले तथा परिवार को जांच के नाम पर भयभीत कर दिया।
वारंट मांगने पर मिली धमकी
पीड़ित महावीर साहू के मुताबिक जब उन्होंने और उनके परिवार ने तलाशी का आधार पूछा तो आरोपियों ने वारंट दिखाने से साफ इनकार कर दिया और सुरक्षा कारणों का हवाला देकर परिवार को चुप रहने की धमकी दी। साथ ही शिकायतकर्ता के भाई को फोन कर ’सेटलमेंट’ कराने की बात कहकर डराया-धमकाया।
तलाशी की आड़ में आरोपियों ने घर से एक लैपटॉप और 8 मोबाइल फोन जब्त करने का नाटक किया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। रुद्री पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
धमतरी में बढ़ रही ऐसी वारदातें
सप्ताह भर पूर्व 18 नवंबर को भी इसी तरह की घटना शहर के प्रसिद्ध पैथोलॉजिस्ट डॉ. दिलीप राठौर के घर पर हुई थी, जहाँ नकली आयकर अधिकारी बनकर सात संदिग्धों ने एक घंटे से अधिक तलाशी ली थी।
इन घटनाओं के बाद लोगों में भी भय और असमंजस व्याप्त है कि कौन असली अधिकारी है और कौन भेष बदलकर घरों में घुस रहा है।
पुलिस सतर्क, आरोपी अब तक फरार
पुलिस का दावा है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा, लेकिन लगातार हो रही वारदातों से कानून-व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
