संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत 26 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा में विशेष स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान और पोषण माह के तहत आयोजित होगा, जिसमें सभी महिलाओं की स्वास्थ्य जांच एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम इस दौरान परामर्श और उपचार प्रदान करेगी।
इस कार्यक्रम में अभनपुर विधायक इन्द्रकुमार साहू की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 25 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अभनपुर तथा 26 सितंबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में विशेष शिविर आयोजित होंगे।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से 2 अक्टूबर तक चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत नवापारा में आयोजित शिविर में रक्तदान के साथ-साथ सभी प्रकार की बीमारियों का इलाज और परामर्श उपलब्ध रहेगा। उन्होंने आमजनों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुँचकर स्वास्थ्य जांच और रक्तदान कर लाभ उठाएं।
