संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। चम्पेश्वर महादेव की पावन नगरी एवं अखंड भूमंडलाचार्य वल्लभाचार्य जी की प्राकट्य स्थली पंचकोशी तीर्थ चंपारण में समाजसेवा की एक प्रेरक मिसाल देखने को मिली। संस्कार वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा चंपारण–लखना रोड में संचालित दिव्यांग जनों की संस्था में गत दिनों गोबरा नवापारा पुलिस थाना एवं चंपारण पुलिस चौकी का स्टाफ पहुंचा।
इस अवसर पर थाना प्रभारी श्री दीपेश जायसवाल ने संस्था में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों से आत्मीयता के साथ मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस स्टाफ द्वारा बच्चों को नए वस्त्र एवं गर्म कपड़े भी प्रदान किए गए। नए कपड़े पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे परिसर में उल्लास का वातावरण बन गया।
थाना प्रभारी श्री जायसवाल ने कहा कि समाज के हर वर्ग की सेवा पुलिस का कर्तव्य है और दिव्यांग बच्चों के लिए भविष्य में भी हर संभव सहयोग किया जाएगा। इस मानवीय पहल की संस्था प्रबंधन एवं उपस्थित जनों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की संचालिका अनामिका गोस्वामी, गरिमा बंदे, परमेश्वर, देवा, चंद्रशेखर सहित थाना प्रभारी गोबरा नवापारा दीपेश जायसवाल, सउनि हेमंत यादव, मिलु राम साहू, प्रधान आरक्षक परमेश्वर साहू, रंजीत साहू, सूरज साहू, राजेंद्रपुरी गोस्वामी, राधेश्याम, आरक्षक टीकम साहू, तिवारी प्रसाद खुंटे, दिनेश सिन्हा, सैनिक खेमराज तारक सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
