संवाददाता तुकाराम कंसारी
नि:शुल्क सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत कक्षा 9वीं की छात्राओं को हुआ वितरण
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला गोबरा नयापारा में शुक्रवार को नि:शुल्क सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत कक्षा 9वीं की पात्र छात्राओं (SC, ST एवं BPL) को साइकिल वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिका अध्यक्ष ओम कुमारी (संजय) साहू तथा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी शामिल हुए।
विशिष्ट अतिथियों में शाला विकास समिति अध्यक्ष श्रीमति अन्नपूर्णा देवांगन, विधायक प्रतिनिधि संजीव सोनी और संजय साहू, सांसद प्रतिनिधि नीता धीवर एवं दयालु राम गाढ़ा, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष धीरज साहू, मंडल मंत्री कैलाश तिवारी, नवल साहू, मनीष देवांगन जश, माया राम साहू, दिनेश टंडन तथा ग्राम कुर्रा के सरपंच सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
छात्राओं को मिली प्रेरणा
शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवांगन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हाईस्कूल की दूरी अधिक होने के कारण कई छात्राएं बीच में ही पढ़ाई छोड़ देती हैं। इसी कारण शासन ने उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप साइकिल उपलब्ध कराई है, ताकि वे निर्बाध रूप से शिक्षा प्राप्त कर सकें।
उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने छात्राओं से कहा कि वे पढ़-लिखकर निडर और साहसी बनें। वहीं मुख्य अतिथि ओम कुमारी साहू ने प्रेरक उद्बोधन देते हुए छात्राओं को जीवन में आत्मनिर्भर बनने और शिक्षा के माध्यम से अपने पैरों पर खड़ा होने का संदेश दिया।
गरिमामय आयोजन
इस अवसर पर शाला के समस्त स्टाफ सदस्य एवं पालकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन शाला की वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमति रत्ना मिश्रा ने किया।
