संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा–राजिम। नवापारा नगर सहित पूरे अंचल में गणेश उत्सव की धूम मची हुई है। चौक-चौराहों व विभिन्न मोहल्लों में गणेश प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। श्रद्धालुओं का तांता दर्शन व पूजा-अर्चना हेतु लगातार लग रहा है।
गंज रोड स्थित पंजवानी चौक में “पंजवानी चौक के राजा”, सोनकर पारा में 1100 नारियल से निर्मित गणेश प्रतिमा, सोमवारी बाजार, राम जानकी पारा, खोलीपारा, किसान पारा, सदर रोड, इंदिरा मार्केट, दीनदयाल उपाध्याय नगर, कसेर पारा, स्टेशन पारा, मैडम चौक, सत बहिनिया मंदिर और शीतला पारा सहित अनेक स्थानों में भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सजावट और विद्युत झालरों से पूरा नगर जगमगा रहा है।
विशेष आकर्षण का केंद्र बने पंजवानी चौक के गणेश जी प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी भव्य रूप में विराजमान किए गए हैं। संस्था के संरक्षक टीकमचंद साधवानी ने बताया कि यहां पिछले 46 वर्षों से निरंतर गणेशोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस वर्ष पौराणिक कथा पर आधारित रामसेतु की चलित झांकी तैयार की गई है, जिसे देखने प्रतिदिन पाँच से दस हजार श्रद्धालु पहुँच रहे हैं।
रामसेतु का महत्व
पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीराम ने वानर सेना की सहायता से समुद्र पार करने और माता सीता को रावण की कैद से मुक्त कराने हेतु समुद्र पर रामसेतु का निर्माण किया था। नल-नील की दिव्य शक्ति से तैरते पत्थरों पर ‘राम नाम’ अंकित था, जिससे वे डूबते नहीं थे। यह अद्भुत सेतु मात्र पाँच दिनों में निर्मित हुआ।
रामायण, महाभारत और अन्य ग्रंथों में वर्णित रामसेतु हिंदू धर्म में आस्था, भक्ति और बुराई पर अच्छाई की विजय का शाश्वत प्रतीक माना जाता है।नगर के विभिन्न गणेश पंडालों में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना, सांस्कृतिक कार्यक्रम और धार्मिक आयोजन निरंतर जारी हैं।
