संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। सावन मास के पावन अवसर पर अभनपुर के पूर्व विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता धनेंद्र साहू ने हर वर्ष की तरह इस बार भी धार्मिक आस्था की परंपरा निभाई। उन्होंने अपनी पहचान बन चुकी बुलेट पर सवार होकर पंचकोशी यात्रा की शुरुआत की। यह ऐतिहासिक यात्रा श्री कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर से आरंभ होकर श्री कोपेश्वरनाथ महादेव तक निकाली गई।
धनेंद्र साहू की अगुवाई में निकली इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और पूरे मार्ग में “बम बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। यात्रा सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चली, जिसमें भक्तों ने नंगे पांव चलकर अपनी आस्था प्रकट की।
शाम 7 बजे श्री कुलेश्वरनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
धनेंद्र साहू ने इस मौके पर कहा कि यह सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि यह लोक परंपरा और जन आस्था का पर्व है, जिसे वे हर साल निभाते आ रहे हैं और आगे भी निभाते रहेंगे।
इस आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि छत्तीसगढ़ की धरती पर आस्था और संस्कृति की जड़ें कितनी गहरी हैं।
