संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा इन दिनों स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष सफाई अभियान चला रही है। नगर के व्यस्त और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नालियों की सफाई व कचरा निष्पादन का कार्य तेज गति से जारी है। पालिकाध्यक्ष श्रीमती ओम कुमारी साहू के प्रतिनिधि संजय साहू, सफाई सभापति सहदेव कंसारी, एवं पार्षद नम्मू नारायण ध्रुव के मार्गदर्शन में यह अभियान लगातार प्रभावी रूप से आगे बढ़ रहा है।
अभियान के तहत नगर के प्रमुख मार्ग सदर रोड, गंज रोड, श्री सत्यनारायण मंदिर गली सहित अन्य क्षेत्रों में नालियों की गहराई से सफाई की जा रही है। पालिका के सफाई कर्मी सुबह से लेकर देर शाम तक मुस्तैदी के साथ जुटे हुए हैं, जिससे जलभराव और दुर्गंध की समस्या पर रोक लगाई जा सके।
नगरवासियों ने पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि लगातार चल रहे इस अभियान से शहर में स्वच्छता का स्तर बेहतर हुआ है और वातावरण अधिक स्वास्थ्यकर बना है।
अभियान में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे कर्मियों में तीजूराम साहू, दिनेश साहू, रोशन साहू, धर्मेन्द्र साहू, भीम, निर्मल नायक, गुंजा साहनी, मंजू साहनी, दुर्गा साहनी, मनीष देवांगन, गगन, शुभम ध्रुव सहित कई सफाई कर्मचारी पूर्ण समर्पण के साथ सेवाएं दे रहे हैं।
नगर पालिका ने आगामी दिनों में भी इस अभियान को जारी रखने की बात कही है, ताकि नवापारा राजिम को स्वच्छ और स्वस्थ शहर बनाया जा सके।
