संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। ग्राम दुलना में कुछ ग्रामीणों द्वारा बनाई गई ग्राम विकास समिति इन दिनों अवैध वसूली को लेकर चर्चा में है। आरोप है कि समिति के नाम पर रेत, ईंट, गिट्टी सहित अन्य खनिज परिवहन करने वाले वाहनों से अवैध पथकर वसूला जा रहा है। जानकारी के अनुसार लगभग 75 ग्रामीणों की इस समिति द्वारा हाईवा वाहनों से 200 रुपये प्रति वाहन और ट्रैक्टर-ट्रॉली से 50 रुपये की वसूली की जा रही है।
यह ग्राम अभनपुर विकासखंड अंतर्गत थाना गोबरा नवापारा क्षेत्र में आता है। पूर्व में इस अवैध वसूली की शिकायत प्रशासन से की गई थी, जिस पर एसडीएम अभनपुर रवि सिंह ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए थाना प्रभारी को आवश्यक कदम उठाने को कहा था। थाना प्रभारी द्वारा समझाइश और चेतावनी के बाद कुछ समय के लिए वसूली बंद भी हो गई थी।
लेकिन थाना प्रभारी के स्थानांतरण के बाद एक बार फिर समिति द्वारा अवैध वसूली शुरू कर दी गई है। इससे परिवहनकर्ताओं में रोष व्याप्त है और प्रशासनिक कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

