संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर का ऐतिहासिक और कभी जीवंत व्यापारिक केंद्र गांधी चौक हटरी बाजार आज बदहाली की कगार पर है। वह स्थान, जहाँ कभी जूते-चप्पल, कपड़े, माला-चूड़ी, जनरल सामान और ताजी सब्जियों के लिए शहर भर की भीड़ उमड़ती थी, अब मात्र कुछ गिनी-चुनी दुकानों तक सिमट गया है।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का आरोप है कि नगर पालिका की लगातार उपेक्षा इस गिरावट का मुख्य कारण है। वर्षों से सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है।
चुनावी वादे बनाम हकीकत
हर चुनाव से पहले नेताओं द्वारा विकास के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद यह मुद्दा गुमनामी में चला जाता है। सरकारें बदलती हैं, प्रतिनिधि बदलते हैं, परंतु गांधी चौक की दशा जस की तस बनी रहती है।
नागरिकों की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी संजय साहू और सीएम से स्थानीय जनता की स्पष्ट अपील है कि इस ऐतिहासिक स्थल का तत्काल पुनर्निर्माण कर इसे फिर से शहर के व्यापारिक केंद्र के रूप में स्थापित किया जाए।
भविष्य की चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो नवापारा के व्यापारिक इतिहास का यह सुनहरा अध्याय हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा।
