संवाददाता तुकाराम कंसारी
राजिम–रायपुर नई मेमू ट्रेन सेवा से आमजन, तीर्थयात्रियों और छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, रायपुर/ गोबरा नवापारा/ राजिम। छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को नया विस्तार देते हुए आज प्रदेशवासियों के लिए ऐतिहासिक दिन साबित हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजिम रेलवे स्टेशन से राजिम–रायपुर मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई रेल सेवा से राजधानी रायपुर और तीर्थनगरी राजिम के बीच की दूरी अब तेज़, सस्ती और सुरक्षित यात्रा के साथ पूरी की जा सकेगी। न्यूनतम 15 रुपए के किराए में आमजन को आरामदायक रेल सुविधा मिलेगी।
शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सेवा राजिम क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करती है। अब राजधानी रायपुर तक पहुँचने के लिए लोगों को बसों की भीड़ और लंबे सफ़र की परेशानी से निजात मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुविधा न केवल तीर्थनगरी राजिम बल्कि पूरे अभनपुर–गरियाबंद क्षेत्र को विकास की नई दिशा देगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह सेवा व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को गति प्रदान करेगी।
वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह पर्यावरण हितैषी कदम है, जो सड़क यातायात पर दबाव कम करेगा और लोगों के लिए सुविधाजनक साबित होगा। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल ने इस सेवा को गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए वरदान बताते हुए कहा कि मात्र 15 रुपए में सुरक्षित और आरामदायक यात्रा संभव हो पाएगी। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इसे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाला कदम बताया और कहा कि अब कुंभ जैसे आयोजनों में लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी ने इसे विद्यार्थियों और युवाओं के लिए समय और धन की बचत करने वाली सेवा करार दिया।
राजिम विधायक रोहित साहू ने इसे अपने क्षेत्र की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी। वहीं अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने कहा कि इस सेवा से अभनपुर क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी और हजारों यात्री सीधे राजधानी से जुड़ सकेंगे। जिला पंचायत रायपुर अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल और गरियाबंद जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप ने ग्रामीणों और किसानों के लिए इसे उपयोगी बताया। नगर पालिका गोबरा नवापारा की अध्यक्षा ओम कुमारी संजय साहू ने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह बेहद राहत देने वाली सेवा है, जबकि नगर पंचायत राजिम अध्यक्ष महेश यादव ने कहा कि इससे राजिम का विकास और तेज़ होगा तथा पर्यटन और अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और मंडल रेल प्रबंधक रायपुर दयानंद ने कहा कि रेलवे लगातार छत्तीसगढ़ में सेवाओं का विस्तार कर रहा है और यह मेमू ट्रेन यात्री सुविधाओं की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
नई मेमू सेवा से प्रतिदिन हजारों यात्री लाभान्वित होंगे। छात्र-छात्राओं और नौकरीपेशा लोगों को राजधानी तक पहुँचने में समय की बचत होगी। धार्मिक दृष्टि से देखें तो रायपुर से राजिम जैसे पवित्र स्थलों तक पहुँच आसान होगी और कुंभ जैसे आयोजनों में रेल सुविधा यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। पर्यावरणीय दृष्टि से यह सेवा सड़क यातायात पर दबाव कम कर ईंधन खपत और प्रदूषण को घटाएगी।
19 सितंबर से इस सेवा का नियमित परिचालन शुरू होगा। तीन जोड़ी मेमू ट्रेनों के परिचालन से रायपुर–राजिम रेलमार्ग पर अब पूरे दिन आवाजाही सुगम हो जाएगी। यात्रियों को सुबह, दिन और शाम तीनों समय राजधानी तक पहुँचने की सुविधा उपलब्ध होगी।
राजिम–रायपुर मेमू सेवा केवल एक नई ट्रेन नहीं है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ में विकास और कनेक्टिविटी की नई पहचान है। अब राजधानी रायपुर से छत्तीसगढ़ का प्रयाग कहलाने वाले राजिम तक पहुँचना पहले से कहीं अधिक सहज, सस्ता और सुरक्षित हो गया है।
