संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। महिला भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी के राजिम प्रवास के दौरान भाजपा नेत्री एवं विधायक प्रतिनिधि योगिता सिन्हा ने उनका भव्य स्वागत करते हुए सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान योगिता सिन्हा ने महिला भाजपा अध्यक्ष से मिलकर महिला उत्थान से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की और उनके मार्गदर्शन व परामर्श प्राप्त किए।
गरियाबंद जिले से लौटते समय श्रीमती विभा अवस्थी राजिम स्थित गायत्री मंदिर परिसर में रुकीं, जहाँ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से उनकी चर्चा हुई। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं छत्तीसगढ़ राज्य भंडार निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, वरिष्ठ भाजपा नेत्री योगिता सिन्हा, नगर पालिका उपाध्यक्ष पूर्णिमा चंद्राकर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रेखा सोनकर तथा महिला भाजपा मंडल की अन्य कार्यकर्ताओं ने पार्टी की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
महिला प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी की आगामी कार्ययोजना, महिला सशक्तिकरण के प्रयासों और संगठन को मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सहभागिता और नेतृत्व से समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है, तथा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर महिला उत्थान के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाना चाहिए।
इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए और उन्होंने संगठन को मजबूती देने के लिए सहयोग का संकल्प दोहराया। योगिता सिन्हा ने इस अवसर पर महिला भाजपा अध्यक्ष का स्वागत कर उन्हें पार्टी के कार्यों में सक्रिय सहभागिता देने का आश्वासन दिया।
