@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, धमतरी। धमतरी पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर एक ऐसे सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया है, जिसे आत्महत्या साबित करने की पूरी साजिश रची गई थी। पुलिस की वैज्ञानिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों ने पूरे मामले का सच उजागर कर दिया। पुलिस ने मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम गोजी निवासी 23 वर्षीय नरसिंग साहू की संदिग्ध मौत की गहन जांच की। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्यों के संग्रह, गवाहों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के विश्लेषण से हत्या की पुष्टि हुई।
शराब के लिए पैसों की मांग बनी हत्या की वजह
जांच में सामने आया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। इस बात को लेकर घर में विवाद और मारपीट हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी भाई नरेश साहू और मां कमला बाई साहू ने स्वीकार किया कि गुस्से में पहले मृतक का हाथ से गला दबाया गया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि इसके बाद मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक भी पिलाया गया।
शव को फांसी पर लटकाकर रची आत्महत्या की कहानी
पुलिस जांच के मुताबिक हत्या के बाद आरोपियों ने शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या लगे और पुलिस को गुमराह किया जा सके। परिजनों के सामने भी झूठी कहानी गढ़ी गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
48 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा
लगातार पूछताछ, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना कुरूद में दर्ज अपराध क्रमांक 199/2026 में हत्या सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में गंभीर अपराधों की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित जांच जारी रहेगी तथा किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।








