@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, कुरूद। राज्य शासन द्वारा नगरपालिका परिषद कुरूद में वरिष्ठ पार्षद (एल्डरमेन) के रूप में भानु चन्द्राकर की नियुक्ति को उनके लंबे राजनीतिक एवं जनसेवा के अनुभव का सम्मान माना जा रहा है। नगर की राजनीति में सक्रिय और अनुभवी नेतृत्व के रूप में पहचान रखने वाले भानु चन्द्राकर इससे पहले नगर पंचायत अध्यक्ष, एल्डरमेन तथा नगरपालिका परिषद में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।

स्थानीय लोगों का मानना है कि प्रशासनिक अनुभव, जनसरोकारों की समझ और नगर विकास से जुड़े विषयों पर उनकी पकड़ का लाभ अब एक बार फिर नगरपालिका परिषद को मिलेगा। परिषद में उनकी सक्रिय भूमिका से विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


राज्य शासन द्वारा कुरूद नगर पालिका में भानु चन्द्राकर सहित खिलावन यादव, चन्द्रकुमार (नंदु) चन्द्राकर, खिलेश्वर (खिल्लू) देवांगन और महावीर साहू को एल्डरमेन नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापतियों, नेता प्रतिपक्ष, सभी पार्षदों तथा अधिकारियों-कर्मचारियों ने सभी नव-नियुक्त एल्डरमेन का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।


नगरपालिका परिषद ने इस नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अजय चन्द्राकर तथा सांसद रूपकुमारी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अनुभवी जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन नगर के विकास को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।








