संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम।
माह के पहले गुरुवार को वार्ड क्र. 14 में सुपोषण चौपाल का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने हेतु जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम के तहत अन्नप्रासन एवं गोद भराई का आयोजन कर माताओं और बच्चों को स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के प्रति प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति श्रीमती पूजा कंसारी, वार्ड पार्षद जीना निषाद, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुर्गा यादव, संतोषी शर्मा, तथा सहायिका गोदावरी साहू और रीना साहू की उपस्थिति रही। सभी ने माताओं को संतुलित आहार, स्वास्थ्य देखभाल और बच्चों के समुचित पोषण की जानकारी दी।
इस दौरान समाजसेवी शम्भू लाल निषाद ने 13 नन्हे बच्चों को हाउस ड्रेस प्रदान कर उनकी खुशियों में चार चाँद लगाए। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखकर कार्यक्रम का उद्देश्य सार्थक प्रतीत हुआ।
सुपोषण चौपाल ने माताओं और बच्चों को स्वास्थ्य से जुड़ी सही जानकारी देने के साथ-साथ समाज में पोषण के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया। उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
