संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, नवापारा राजिम। नगर की प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल द्वारा महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के उद्देश्य से एक भव्य शॉपिंग एग्जीबिशन का आयोजन किया गया। इस आयोजन से प्राप्त आय का उपयोग विभिन्न शालाओं की जरूरतमंद छात्राओं की पढ़ाई-लिखाई तथा अन्य सेवा कार्यों में किया जाएगा।
संस्था ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरोड़ा में 10 निर्धन छात्राओं तथा शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय नवापारा (राजिम) में 30 जरूरतमंद छात्राओं की स्कूल फीस एवं बालक प्रबंधन विकास शुल्क जमा कराई, ताकि उनकी शिक्षा में कोई रुकावट न आए। यह सहायता उन छात्राओं के लिए वरदान साबित होगी, जो आर्थिक कठिनाइयों के चलते शिक्षा से वंचित हो सकती थीं।
विद्यालय में उपस्थित प्राचार्या श्रीमती ललिता अग्रवाल तथा प्राचार्य श्री डी.के. देवांगन ने संस्था की सदस्याओं का हार्दिक आभार व्यक्त किया और कहा कि प्रतिवर्ष दिए जा रहे इस निरंतर सहयोग से छात्राओं का मनोबल बढ़ेगा। विद्यालय के स्टाफ मेंबर्स ने भी संस्था द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की।
इसके अतिरिक्त, अग्रवाल नवजागरण महिला मंडल स्वास्थ्य लाभ, टीकाकरण अभियान, शाला विकास तथा अन्य सामाजिक सेवा कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देकर समाज में एक अनुकरणीय भूमिका निभा रही है। महिला सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रति संस्था का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणा स्रोत है।
