संवाददाता तुकाराम कंसारी
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। फिंगेश्वर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में शासकीय आम रास्ते पर अतिक्रमण कर टीनशेड निर्माण किए जाने से रास्ता बंद हो गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। यह मामला करीब एक साल पहले का है, जब ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव द्वारा आम रास्ते पर टीनशेड निर्माण कार्य शुरू किया गया। ग्रामीणों ने विरोध दर्ज कराया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
पूर्व में तहसीलदार और पटवारी द्वारा स्थल निरीक्षण कर पाया गया था कि मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया है। उन्हें निर्माण कार्य रोकने का आदेश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद मार्ग आज तक आवागमन के लिए चालू नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पर अनैतिक दबाव और पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।
राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार, यह स्थान वर्ष 1932 से आम रास्ते के रूप में दर्ज है। इसी मार्ग से कई किसानों के घर का संपर्क मार्ग है और समीप हनुमान मंदिर भी स्थित है। टीनशेड निर्माण के कारण मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जनदर्शन गरियाबंद में जाकर सरपंच, उप सरपंच और पंचों के माध्यम से अवैध निर्माण को हटाने की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई जाँच या कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले में किसका संरक्षण मिल रहा है, यह भी आश्चर्य का विषय है।
ग्रामीणों ने तत्काल रिकॉर्ड के अनुसार अन्य जगह टीनशेड निर्माण कराने और विधिपूर्वक कार्यवाही सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्राम सचिव का पक्ष
इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव संतोष साहू ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर ही टीनशेड निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया था। यदि अब ग्रामीण नहीं चाहते तो पंचायत इस मामले में विचार कर निर्माण कार्य नहीं कराएगी। उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी से कार्य रोकने का आदेश प्राप्त हुआ है और आगे का निर्णय आदेशानुसार किया जाएगा ताकि किसी को कोई नुकसान न पहुँचे।
