@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, धमतरी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जल संसाधन विभाग के एक कर्मचारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और कई लंबित मामलों की भी जांच की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रुद्री स्थित जल संसाधन विभाग के विद्युत यांत्रिकी भारी संयंत्र संभाग में पदस्थ प्रोग्रेस मैन लकेश्वर साहू को विभागीय स्तर पर लिपिकीय कार्यों के साथ कर्मचारियों की ग्रेच्युटी भुगतान शाखा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी। आरोप है कि उसने सेवानिवृत्त कर्मचारी संतोष सोनकर की ग्रेच्युटी भुगतान फाइल आगे बढ़ाने के बदले उनके पुत्र गुमान सिंह से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
गुमान सिंह द्वारा एसीबी से शिकायत किए जाने के बाद अधिकारियों ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर 10 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। दो वाहनों में धमतरी पहुंची टीम ने करवा चौथ क्षेत्र के पास जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
पूरी रकम जब्त, घंटों चली पूछताछ
एसीबी ने मौके से रिश्वत की पूरी एक लाख रुपये की राशि जब्त कर आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद आरोपी को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां करीब छह घंटे तक उससे पूछताछ की गई। अधिकारियों ने फाइलों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की।
क्या अकेला था लकेश्वर साहू?
सूत्रों के अनुसार, एसीबी अब यह भी खंगाल रही है कि इस रिश्वतखोरी के मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है। विभाग के रिकॉर्ड और लंबित प्रकरणों की भी जांच की जा रही है। इससे आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने आरोपी लकेश्वर साहू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।








