@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन कुरुद। भारत माला रोड पर राजपुर (मगरलोड) के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कूलुजर वाहन में सवार पटेल समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य, नगरी में आयोजित समाजिक बैठक से लौटते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
हादसा राजपुर के नये रोड पर चढ़ाव के पास हुआ। सूचना मिलते ही वन्देमातरम परिवार की दोनों एम्बुलेंस तत्काल मौके पर पहुँचीं और घायलों को कुरूद सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पटेल समाज के 9 सदस्यों में से मेघा निवासी वरिष्ठ नेता सुखऊ राम पटेल का दुखद निधन हो गया।
शेष घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद वन्देमातरम परिवार की एम्बुलेंस और शासकीय एम्बुलेंस की मदद से रात 10:30 बजे तक धमतरी के विभिन्न अस्पतालों में रेफर कराया गया। सभी घायलों की हालत फिलहाल चिंताजनक लेकिन सुरक्षित बताई जा रही है।
इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार, तथा पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में पहुँचकर हर संभव सहयोग किया। वन्देमातरम परिवार के अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि भानु चन्द्राकर ने व्यक्तिगत रूप से मोर्चा संभालते हुए घायलों का कुशलक्षेम जाना और परिजनों को बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।
भानु चन्द्राकर ने स्व. सुखऊ राम पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भगवान भोलेनाथ से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा—
“यह हमारे क्षेत्र के लिए अत्यंत दुःखद क्षण है, लेकिन हमें भरोसा है कि सभी घायल जल्द ही स्वस्थ होकर अपने घर लौटेंगे।”
