तीजा पर्व करुभात के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ी संस्कृति से सजेगा मंच
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, राजिम। सृजन युवा संस्था सेम्हरतरा के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित लोक कला संस्था प्रशांत सोनवानी कृत “लोक अंचल” की भव्य प्रस्तुति आज ग्राम सेम्हरतरा, राजिम में शाम 7 बजे आयोजित होगी। यह आयोजन तीजा पर्व करुभात के उपलक्ष्य में किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति और मातृत्व भावनाओं को अभिव्यक्त करने वाला अनोखा पर्व है।
आयोजन को लेकर गांव की माताओं, बहनों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीण इसे अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजोने का अवसर मान रहे हैं।
ग्रामवासी जुटे तैयारी में
आयोजन प्रमुख ग्राम पंचायत सेम्हरतरा के सरपंच हरीश साहू के नेतृत्व में सृजन युवा संस्था सेम्हरतरा के सदस्यगण एवं ग्रामवासी पूरे मनोयोग से कार्यक्रम की तैयारियों में लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह आयोजन तीजा पर्व की खुशियों को और भी खास बना देगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए संस्कृति को जीवित रखने का कार्य करेगा।
संस्कृति और लोक धरोहर का संगम
लोक अंचल की प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ी नृत्य, गीत और लोककला की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी। करुभात पर्व को समर्पित यह आयोजन गांव के सामूहिक उत्सव का प्रतीक बनकर लोगों के लिए अविस्मरणीय साबित होगा।
आज का यह आयोजन केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति और सामूहिक एकता का उत्सव है। समूचे क्षेत्र की निगाहें अब सेम्हरतरा राजिम पर टिकी हुई हैं, जहां लोक कला और तीजा पर्व का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
