24 लाख से अधिक किसानों को मिलेगा 494 करोड़ का लाभ, ग्रामीण सड़कों, वाटरशेड और महिला समूहों को भी बड़ी सौगात
@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन
धमतरी/रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए आज का दिन बेहद खास होने वाला है। प्रदेश के इतिहास में पहली बार धमतरी में इतना बड़ा राज्य स्तरीय आयोजन होने जा रहा है, जहां किसानों को न केवल आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि ग्रामीण बुनियादी ढांचे से लेकर आजीविका संवर्धन तक कई महत्वपूर्ण सौगातें दी जाएंगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर और धमतरी जिले के दौरे पर रहेंगे। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहली बार धमतरी पहुंच रहे हैं, जो इस कार्यक्रम को अतिरिक्त महत्व दे रहा है।
किसानों के लिए बड़ा दिन: आज आएगी पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के किसानों को 21वीं किस्त जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वर्चुअल माध्यम से बटन दबाकर राशि हस्तांतरित करेंगे।
छत्तीसगढ़ के 24 लाख 17 हजार से अधिक किसानों के खातों में 494 करोड़ रुपये से अधिक की बड़ी राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से पहुंचेगी। इससे किसानों को रबी सीजन की तैयारियों में आर्थिक मजबूती मिलेगी।
धमतरी में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम धमतरी के एकलव्य खेल मैदान परिसर में आयोजित किया गया है। यहां हजारों किसानों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रहेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं छत्तीसगढ़ सरकार के सभी मंत्री मौजूद रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी इस समारोह से लाइव जुड़कर किसानों को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहली बार धमतरी में: कई बड़ी घोषणाओं का पैकेज
कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह दौरा किसानों और ग्रामीण विकास के लिए नई उम्मीदें लेकर आया है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकासकार्यों का सौगात देंगे एवं शिलान्यास करेंगे।
पीएम ग्राम सड़क योजना–4 (क) की सौगात…
- ✔ 780 बसाहटों को जोड़ने हेतु
- ✔ 774 नई सड़कों का निर्माण
- ✔ 2442 किलोमीटर लंबाई
- ✔ 2242 करोड़ रुपये से अधिक की लागत राशि
इन सभी कार्यों का शिलान्यास बटन दबाकर करेंगे। इससे सुदूर ग्रामीण इलाकों तक बेहतर संपर्क व्यवस्था बनेगी और गांवों का विकास गति पकड़ेगा।
वाटरशेड महोत्सव का शुभारंभ
केंद्रीय मंत्री प्रदेश स्तरीय वाटरशेड महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इससे जल संरक्षण, मृदा संरक्षण और ग्रामीण आजीविका वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा। वाटरशेड से जुड़े कई लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्य भी किए जाएंगे।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन—महिला समूहों को संबल
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के हाथों 17357 महिला स्व-सहायता समूहों को लगभग 286 करोड़ रुपये की चक्रीय निधि का वितरण किया जाएगा।
इससे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता मिलेगी और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हितग्राहियों को मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
किसान सम्मेलन और योजनाओं की प्रदर्शनी
केंद्रीय कृषि मंत्री किसान सम्मेलन में किसानों को संबोधित करेंगे, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की कृषि योजनाओं से किसानों को लाभान्वित करने विभिन्न प्रदर्शनियों के माध्यम से जानकारियां साझा करेंगे।
- आधुनिक कृषि तकनीक
पीएम किसान, आजीविका मिशन, सिंचाई, मत्स्य, पशुपालन समेत कई विभागों के जानकारीपूर्ण स्टॉल लगाया जा रहा है।
- वाटरशेड कार्यक्रम की विशेष प्रदर्शनी:
कार्यक्रम स्थल पर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। बड़े पैमाने पर किसानों की उपस्थिति की उम्मीद है।
किसानों के सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम
आज का आयोजन सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के विश्वास, सम्मान और समृद्धि को समर्पित दिन है।
जहां एक ओर पीएम किसान की किस्त किसानों की आर्थिक गति बढ़ाएगी, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण सड़कों, जल संरक्षण, महिला समूहों और कृषि-आधारित योजनाओं की सौगातें गांवों के समग्र विकास की दिशा में मजबूत कदम साबित होंगी।
धमतरी आज प्रदेश का सबसे बड़ा कृषि और विकास केंद्र बनेगा—और इसका लाभ प्रत्यक्ष रूप से लाखों किसानों को मिलेगा।
