@छत्तीसगढ़ लोकदर्शन, दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हुए विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक पति ने अपनी ही पत्नी पर हंसिए से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, कुम्हारी के महामाया पारा स्थित दुर्गा मंच के पास रहने वाले 25 वर्षीय घनश्याम यादव और उसकी 22 वर्षीय पत्नी दुर्गा यादव के बीच रविवार सुबह करीब 9:30 बजे विवाद हुआ। आरोप है कि पति लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और शराब के नशे में अक्सर उससे मारपीट करता था।
रविवार को भी कहासुनी के दौरान आरोपी ने घर में रखा सब्जी काटने वाला हंसिया उठाया और पत्नी के माथे, गले तथा पीठ पर लगातार कई वार कर दिए। महिला गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
सूचना मिलते ही कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सबसे मार्मिक पहलू यह है कि इस वारदात ने दंपति के महज छह महीने के मासूम बेटे के सिर से मां का साया छीन लिया। एक पारिवारिक विवाद का अंत हत्या जैसी भयावह घटना में होना घरेलू हिंसा और नशे की समस्या पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।








